आप लोग सजग हो कर प्रार्थना और धन्यवाद में लगे रहें।
आप हमारे लिए भी प्रार्थना करें, जिससे परमेश्वर शुभ-सन्देश सुनाने को हमारे लिए द्वार खोल दे और मसीह का रहस्य, जिस के लिए मैं अभी बेड़ियों से जकड़ा हुआ हूँ, घोषित करने का सुअवसर प्रदान करे।
आप प्रार्थना करें, जिससे मैं इस रहस्य को उपयुक्त शब्दों में प्रकट कर सकूँ।
आप बाहरवालों के साथ बुद्धिमानी से व्यवहार करें। वर्तमान समय से पूरा-पूरा लाभ उठायें। आपकी बातचीत सदा मनोहर और सुरुचिपूर्ण हो और आप प्रत्येक को समुचित उत्तर देना सीखें।
आपके देशवासी इपफ्रास आप लोगों को नमस्कार कहते हैं। येशु मसीह के यह सेवक निरन्तर आप लोगों के लिए संघर्षमय प्रार्थना करते हैं, जिससे आप लोग सब बातों में परमेश्वर की इच्छा पूर्ण रूप से पूरी करने में सुदृढ़ बने रहें।