यीशु का दुष्टात्मा ग्रस्त व्यक्ति को चंगा करना

यह ऑडियो AI आवाज़ द्वारा पढ़ा गया है

यीशु और उसके चेले अपनी नाव में उस क्षेत्र को गए जहाँ गिरासेनी लोग रहते थे। वे उस क्षेत्र में पहुँच कर नाव से उतर गए।

OBS Image

वहाँ एक व्यक्ति था जो दुष्टात्मा से ग्रस्त था।

यह व्यक्ति इतना बलशाली था कि कोई भी उसको नियंत्रित नहीं कर सका था। कई बार लोगों ने उसके हाथों और पैरों को जंजीरों से भी बाँधा, परन्तु वह उनको तोड़ देता था।

वह व्यक्ति उस क्षेत्र में कब्रों में रहा करता था। यह व्यक्ति पूरे दिन और पूरी रात चिल्लाया करता था। वह कपड़े नहीं पहनता था और अक्सर स्वयं को पत्थरों से घायल किया करता था।

OBS Image

वह व्यक्ति दौड़ कर यीशु के पास आया और उसके सामने घुटने टेक दिए। तब यीशु ने उस व्यक्ति के अंदर की दुष्टात्मा से बात की और कहा, “इस व्यक्ति में से बाहर निकल आ!”

वह दुष्टात्मा ऊँची आवाज में चिल्लाई, “हे यीशु, परम प्रधान परमेश्वर के पुत्र, तेरा मुझसे क्या काम? कृपा करके मुझे मत सता!” तब यीशु ने उस दुष्टात्मा से पूछा, “तेरा नाम क्या है?” उसने जवाब दिया, “मेरा नाम सेना है, क्योंकि हम बहुत हैं।” (रोमी सेना में कई हजार सैनिकों का एक समूह एक “सेना” होती थी।)

उन दुष्टात्माओं ने यीशु से विनती की, “कृपा करके हमें इस क्षेत्र से बाहर मत भेज!” वहीं पास के पहाड़ पर सूअरों का एक झुंड चर रहा था। इसलिए उन दुष्टात्माओं ने यीशु से विनती की, “कृपा करके हमें उन सूअरों में भेज दे!” यीशु ने कहा, “ठीक है, उनमें चले जाओ!”

अतः वे दुष्टात्माएँ उस व्यक्ति में से निकल कर उन सूअरों में प्रवेश कर गईं। वे सूअर दौड़ कर एक खड़े टीले पर से झील में कूद गए और डूब मरे। उस झुंड में लगभग 2,000 सुअर थे।

वहाँ पर उन सूअरों की देखभाल करने वाले लोग थे। जो कुछ हुआ था जब उन्होंने देखा तो वे नगर में भाग गए। यीशु ने जो किया था वहाँ उन्होंने सब को बताया। उस नगर के लोग निकल आए और उस व्यक्ति को देखा जिसमें दुष्टात्माएँ थीं। वह शान्ति से, कपड़े पहने हुए, और एक सामान्य व्यक्ति की तरह व्यवहार करते हुए बैठा था।

OBS Image

वे लोग बहुत डरे हुए थे और उन्होंने यीशु से चले जाने के लिए कहा। अतः यीशु नाव पर चढ़ गया। वह व्यक्ति जिसमें दुष्टात्माएँ थीं उसने यीशु के साथ जाने की विनती की।

परन्तु यीशु ने उससे कहा, “नहीं। मैं चाहता हूँ कि तू घर जाकर सब को बताए कि परमेश्वर ने तेरे लिए क्या किया है। उनको बता कि कैसे परमेश्वर ने तुझ पर दया की थी।”

OBS Image

इसलिए वह व्यक्ति चला गया और सब को इस बारे में बताया जो यीशु ने उसके लिए किया था। उसकी कहानी को सुनने वाला हर एक जन चकित हुआ था।

मत्ती अध्याय 8:28-34; मरकुस 5:1-20; लूका 8:26-39 से एक बाइबल की कहानी

यह गाना एआई द्वारा निर्मित किया गया है


सुसमाचारों से बाइबल की कहानियाँ / Bible stories from the Gospels